बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने अपनी एक्टिंग के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में खुद के दम पर पहचान बनाई है। आज यानी 19 अप्रैल को जन्में एक्टर ने कई हिट फिल्मों में काम किया है। लेकिन उनके सर्किट के किरदार को लोग आज भी उतना ही पसंद करते हैं। हालांकि, यहां तक पहुंचने में अरशद को काफी मेहनत लगी है। तो आज उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें।
14 साल की उम्र में हो गए थे अनाथ
19 अप्रैल 1968 को जन्में अरशद वारसी आज पूरे 58 साल के हो गए हैं। लेकिन अरशद सिर्फ 14 साल की उम्र में ही अनाथ हो गए थे। छोटी सी उम्र में एक्टर ने अपने माता-पिता को खो दिया था। जिसके बाद से ही शुरु हुआ था उनका संघर्ष। मां-बाप के निधन के बाद अरशद के दो घरों को उनके किरायेदारों नें हड़प लिया था। जिसके बाद उन्हें और उनके भाई को एक छोटे से घर में रहना पड़ा। घर का खर्चा चलाने के लिए अरशद ने बतौर सेल्समेन घर-घर जाकर लिपस्टिक और नेल पॉलिश तक बेची थी। कुछ वक्त तक उन्होंने फोटो लैब में भी काम किया।
बचपन से ही था डांस का शौक
अरशद को बचपन से ही डांस का काफी शौक था। इसी वजह से उन्होंने अकबर सामी का डांस ग्रुप ज्वाइन किया और 1991 में लंदन में हुई एक डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। जहां वह विनर भी बने जिसके बाद उन्होंने खुद एक डांस स्टूडियो खोला । इसके साथ उन्होंने मुंबई का इंग्लिश थिएटर ग्रुप ज्वाइन कर लिया और यहीं से आया उनकी किस्मत में नया मोड़।
इस तरह मिला पहला ब्रेक
अरशद वारसी को 1993 में रिलीज हुई फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा का टाइटल ट्रैक कोरियोग्राफ करने का मौका मिला। जो काफी लोकप्रिय भी हुआ था। जिसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में बतौर कोरियोग्राफर काम किया। हालांकि, उन्हें पहला ब्रेक फिल्म तेरे मेरे सपने से मिला। इससे पहले उन्होंने बतौर डांसर छोटी सी अपीयरेंस आग से खेलेंगे में दी थी। अरशद ने यूं तो कई फिल्मों में काम किया, लेकिन फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस में उनका किरदार दर्शकों को बहुत पसंद आया। फिल्म में अरशद ने सर्किट का किरदार निभाया था, इसी फिल्म ने उन्हें बतौर कॉमेडी एक्टर भी स्थापित किया, इसी रोल की बदौलत उन्हें गोलमाल जैसी फिल्में भी मिलीं।
एक्ट्रेस मारिया से रचाई शादी
अरशद वारसी के परिवार के बारे में कम ही लोग जानते हैं। वह अपनी पर्सनल लाइफ को पर्सनल ही रखना पसंद करते हैं। साल 1999 में उन्होंने एक्ट्रेस मारिया से को अपना हमसफर चुना था। शादी के पांच साल बाद यानी 10 अगस्त 2004 को दोनों पहली बार बेटे के पेरेंट्स बने और इसके बाद 2 मई 2007 को दोनों के घर एक बेटी का जन्म हुआ।
Tags: