अस्पताल से एक्ट्रेस प्रियंका भट्टाचार्जी ने शेयर की सेल्फी, कोरोना से लड़ रही हैं जंग
प्रियंका भट्टाचार्जी इन दिनों कोरोना वायरस से जंग लड़ रही हैं।
देशभर में कोरोना वायरस का कहर देखने को मिल रहा है। कई लोग इस संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। संक्रमण की दूसरी लहर देश में आ चुकी है और ये काफी घातक साबित हो रही है। आम से लेकर खास तक हर कोई इसकी चपेट में आ गया है। बीते दिनों अभिनेत्री प्रियंका भट्टाचार्जी भी इस संक्रमण की चपेट में आ गईं हैं।
प्रियंका भट्टाचार्जी इन दिनों कोरोना वायरस से जंग लड़ रही हैं। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली प्रियंका इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। प्रियंका को 15 मई को बुखार की शिकायत हुई थी जिसके बाद उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट करवाया, जो कि पॉजिटिव आया। इसके बाद अभिनेत्री अस्पताल में भर्ती हो गईं। अब प्रियंका ने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर शेयर की है।
हाल ही में प्रियंका भट्टाचार्जी ने अस्पताल से अपनी एक सेल्फी शेयर की है। इस सेल्फी में प्रियंका मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। प्रियंका के हाथ में ड्रिप लगी है और वो थंब्सअप करती नजर आ रही हैं। तस्वीर को शेयर करते हुए प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, 'मजबूती के साथ लड़ रही हूं, मजबूती के साथ वापसी होगी... प्रार्थना करते रहें।'
प्रियंका के फैंस उनकी इस पोस्ट पर कमेंट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बता दें कि प्रियंका भट्टाचार्जी ने बंगाली टेलीविजन धारावाहिक 'सीमारेखा' में निगेटिव किरदार निभाया था। इस किरदार के बाद से अभिनेत्री को काफी पसंद किया गया।