'सभी के साथ विनम्रता और दया का व्यवहार करें, इसलिए नहीं कि वे अच्छे हैं, बल्कि इसलिए कि आप हैं', ऐसा आपने अक्सर लोगों को कहते हुए जरूर सुना होगा. हालांकि, यह वाक्य मशहूर लेखक रॉय टी. बेनेट का है. हालांकि, यह एक सच्चाई है. कुछ ऐसा ही एक उदाहरण उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों द्वारा सड़क पर देखने को मिला, जब एक सामान ढोने वाले शख्स की मदद के लिए सड़क पर दौड़े-दौड़े चले आए. गाड़ी खींचने वाले एक बुजुर्ग की मदद करने वाले दो पुलिसकर्मियों का एक वीडियो ऑनलाइन सामने आया है.

पुलिसवाले ने बुजुर्ग शख्स की यूं की मदद

सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग शख्स सड़क पर भारी सामान लेकर आया और फिर उसे अकेले ही उतारने की कोशिश करने लगा. इस दौरान वहां मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने यह देखा और तुरंत मदद करने के लिए भागे. दोनों ही पुलिसकर्मी बुजुर्ग शख्स की मदद करने लगे. इस दौरान अन्य पुलिसकर्मी ने अपने कैमरे में यह वीडियो कैद कर लिया.



ट्विटर पर यूपी पुलिस ने कैप्शन में लिखी ये बात

अब इस वीडियो को यूपी पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया और कैप्शन में लिखा, 'मानवता के लिए आगे आना... एक गाड़ी-खींचने वाले बुजुर्ग को सड़क पर भारी गट्ठर के साथ संघर्ष करते देख महोबा पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए आगे आए. एक अच्छा इंसान बनें यदि आप किसी को संघर्ष करते हुए देखते हैं, तो उनकी मदद करें!' यह घटना यूपी के महोबा में हुई और पुलिस द्वारा की गई मदद ऑनलाइन लोगों का दिल जीत रहा है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए ये रिएक्शन

इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया. करीब 10 हजार व्यूज मिले, जबकि 250 से अधिक रीट्वीट मिले. वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने लिखा, 'ऐसे पुलिसवालों को सैल्यूट, जय हिंद.' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'UP पुलिस अच्छा काम कर रही है, पर कभी-कभी ऊपर वाले के दबाव में मजबूरन बदनाम हो जाती है. बहुत ही नेक काम.' एक तीसरे यूजर ने लिखा, 'इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है. वाह उत्तर प्रदेश पुलिस.'


Tags: