दुनिया में ऐसे बहुत से लोग हैं, जिन्हें कुत्ते पालने का शौक होता है और वो उनके साथ ठीक वैसा ही व्यवहार करते हैं, जैसे कि वो उनके परिवार का ही सदस्य हो. कुछ लोग तो कुत्तों को अपने साथ अपने बेड पर ही सुलाते भी हैं, जबकि कुछ लोग उनके लिए अलग एक छोटा सा घर बनवा देते हैं, जिसमें कुत्ते आराम से रहते हैं, सोते हैं. वैसे आमतौर पर यह देखने को मिलता है कि कुत्ते भी जल्दी ही इंसानों के साथ घुल-मिल जाते हैं, उनके साथ घूमते-फिरते और खेलते-कूदते हैं. यहीं प्यार है कि इंसान को जानवरों से बांधे रखता है. हालांकि कभी-कभी ऐसा भी देखने में आता है कि अगर किसी घर में कुत्ता है तो उसकी वजह से आसपास रहने वाले लोग यानी पड़ोसी परेशान हो जाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो आजकल वायरल हो रहा है, जो इन चीजों से परे है. वीडियो देख कर यकीनन आप ये कह उठेंगे कि 'वाह पड़ोसी हो तो ऐसा'.

दरअसल, वायरल हो रहे वीडियो में एक शख्स ने अपने घर की चहारदीवारी को ऊंचा तो करवा दिया है, लेकिन साथ ही उसमें एक खिड़की भी बनवा दी है, ताकि उसका कुत्ता पड़ोसियों को भी हेलो कह सके. वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक जगह से घर की दीवार ऊंची की हुई है और साथ ही उस दीवार में एक जगह खिड़की भी है. फिर एक छोटी सी बच्ची उस खिड़की के पास जाकर कुत्ते का नाम पुकार कर बुलाती है, जिसके बाद कुत्ता भी वहां भागा-भागा आ जाता है और खिड़की से मुंह बाहर निकाल कर देखने लगता है. वहीं खिड़की के दूसरी तरफ एक और कुत्ता रहता है, जो उसे बड़े ध्यान से देखता है.

इस वीडियो को ट्विटर पर @DannyDeraney नाम की आईडी से शेयर किया गया है और कैप्शन में लिखा है, 'इस पड़ोसी ने अपने कुत्ते यति के लिए एक खिड़की बनाई है, ताकि वह नमस्ते कह सके'. महज 30 सेकेंड के इस वीडियो पर अब तक 28 हजार से भी अधिक व्यूज मिल चुके हैं, जबकि 1,900 से अधिक लोगों ने वीडियो को लाइक किया है.
वहीं, कई लोगों ने वीडियो पर शानदार कमेंट्स भी किए हैं. एक यूजर ने लिखा है, 'यह बहुत ही शानदार है', जबकि एक अन्य यूजर ने कमेंट किया है, 'मुझे लगता है कि अगर यति वास्तव में चाहता, तो वह उस बाड़ को अपने साथ पड़ोसी के बगीचे में ले जा सकता था'. इसी तरह और भी बहुत सारे लोगों ने वीडियो पर मजेदार कमेंट्स लिख कर शेयर किए हैं.
 
Tags: