एनसीआर नॉएडा में सरकार के संयुक्त सचिव विजय मित्तल ने जिला प्रशासन के कार्यों की समीक्षा की

Update: 2022-07-08 05:05 GMT

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा स्थित विकास भवन के सभागार में भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव विजय मित्तल ने जल शक्ति अभियान के तहत जल संचय के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल संचय करके ही बेहतर कल की कल्पना कर सकते हैं। जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। जल शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के लिए किए जाने वाले कार्यों के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है।

संयुक्त सचिव ने कहा कि जल शक्ति अभियान भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। योजना के अंतर्गत समूचे देश में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रत्येक जिले में 75 तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से अमृत सरोवर की प्रगति रिपोर्ट मांगी। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने की भी हिदायत दी। सामाजिक संस्थाओं को भी इससे जोडऩे को कहा ताकि सामाजिक संगठन लोगों को पानी संचय करने के लिए जागरूक कर सकें। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने केंद्र से आई टीम को आश्वस्त किया कि जल शक्ति अभियान के सफलता पूर्वक आयोजन के लिए और बेहतर तरीके से कार्य कर जल का संचय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में 49 तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। सभी तालाबों को 20 नवंबर तक अमृत सरोवर के रूप में विकसित कर लिया जाएगा। 

Tags:    

Similar News