Gurugram/Raipur. गुरुग्राम/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किरण सिंह देव वर्तमान में चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने मां दंतेश्वरी से प्रार्थना करते हुए कहा कि किरण देव जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः पूरी ऊर्जा और सक्रियता के साथ जनसेवा के कार्यों में लौटें।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। यह हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुआ था। हादसे के समय किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, झांसी-ललितपुर मार्ग पर अचानक सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसके बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को चोटें आईं।
हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे। वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के लिए किरण सिंह देव को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। बाद में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
इस दुर्घटना में किरण सिंह देव के चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई थी। हादसे के बाद भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रदेशभर से उनके स्वास्थ्य को लेकर प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं का दौर जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी किरण सिंह देव के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन फिर से शुरू करेंगे। किरण सिंह देव छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ-साथ जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।