शातिर चोर ने 15 मिनट में अपार्टमेंट में हाथ साफ किया

Update: 2022-07-13 05:10 GMT

दिल्ली क्राइम न्यूज़: द्वारका नॉर्थ इलाके के अपार्टमेंट भी चोरों से सुरक्षित नहीं है। यहां एक अपार्टमेंट में चोर मात्र 15 मिनट के अंदर ताला तोड़कर कीमती सामान चुरा गायब हो गए। वारदात के समय महिला अपनी बेटी को कॉलोनी के गेट पर बस में बिठाने के लिए गई हुई थी। जब लौटी तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ और अंदर घर के आलमारी से कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अंजना कठैत द्वारका सेक्टर-14 के कौटिल्य अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहती हैं। 11 जुलाई की सुबह करीब 11.10 बजे वह अपनी बेटी नंदिनी को उसकी बस में बिठाने के लिए अपने फ्लैट में ताला लगा कर अपने कॉलोनी के मुख्य गेट पर गई थी। 11.25 पर वह बस में बेटी को बिठाकर सामने वाले फ्लैट में बातें करने चली गई। इसके बाद वह करीब पौने दो बजे जब अपने फ्लैट में लौटी तो उनका लोहे की जाली वाला गेट हल्का सा खुला हुआ था। अंदर लकड़ी का गेट भी आधा खुला हुआ था। पहले तो वह अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर पाई। फिर हिम्मत जुटाकर अंदर गई तो सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारियां खुली पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को कॉल किया। पीड़िता के अनुसार उनके घर से सोने चांदी के गहने व नकदी चोरी हुए हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार फोरेंसिक और क्राइम टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। सीसीटीवी आदि चेक किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News

-->