मुठभेड़ के बाद दो हथियार तस्कर गिरफ्तार

बड़ी खबर

Update: 2022-12-31 14:51 GMT
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद दो हथियार तस्करों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मोहल्ला नगले फट्टे, खैर, अलीगढ़ निवासी राजा गौतम (26) और गांव बिलार, सिकंदरा राव, हाथरस, यूपी निवासी पिंटू कश्यप (19) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपितों के पास से 10 पिस्टल, चार कारतूस व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपित मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिम उत्तर-प्रदेश में सप्लाई कर रहे थे। आरोपित पिछले पांच सालों के दौरान 400 से अधिक हथियार सप्लाई कर चुके हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपितों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि पिछले काफी समय से उनकी टीम अवैध हथियार सप्लाई करने वालों पर लगाम लगाने में जुटी है। इसी कड़ी में पुलिस ने कई हथियार तस्करों को दबोचा भी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि ज्यादातर तस्कर मध्य प्रदेश के सेंधवा, खारगौन, धार, बडवानी और बुरहानपुर से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर व दूसरे स्थानों पर सप्लाई कर रहे हैं।
करीब दो महीनों की मेहनत के बाद पुलिस की टीम को 27 दिसंबर को खबर मिली कि दो हथियार तस्कर दक्षिण दिल्ली तुगलकाबाद गांव के पास भारी मात्रा में हथियार लेकर आने वाले हैं। शाम करीब 7.30 बजे आरोपी राजा गौतम और पिंटू कश्यप कंधे पर बैग टांगे वहां पहुंचे। कुछ देर वहां रुकने के बाद वह जाने लगे। पुलिस टीम ने दोनों को रोकने का इशारा किया, लेकिन राजा ने पिस्टल निकाली और पुलिस टीम पर गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने भी आत्म रक्षा में गोली चलाई, जिसके बाद दोनों आरोपितों को बिना चोट लगे ही काबू कर लिया। आरोपित राजा के पास से एक पिस्टल व चार कारतूस, उसके बैग से पांच पिस्टल व पिंटू के बैग से चार पिस्टल बरामद हुई। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया वह मध्य प्रदेश से हथिया लेकर दिल्ली में सप्लाई करने आए थे। राजा ने शुरुआत में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के लिए मध्य प्रदेश से हथियार लाता था। बाद में वह खुद काम करने लगा। पिंटू को हर ट्रिप पर वह पांच से छह हजार रुपये देता था। नौ से 12 हजार में खरीदे गए हथियार को आरोपित 20 से 30 हजार में बेचते थे। पांच सालों के दौरान आरोपितों ने 400 से अधिक हथियार बेच दिए। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
Tags:    

Similar News

-->