बारिश से कबाड़ गोदाम की छत गिरी, मलबे में दबकर 6 महिलाओं सहित 8 लोग घायल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में शनिवार शाम एक कबाड़ के गोदाम की छत गिरने से आठ घायल हो गए। घायलों में छह महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, खोड़ा के मोहल्ला प्रेम विहार में सत्येंद्र कबाड़ी का गोदाम है। शनिवार को तेज बारिश होने के कारण गोदाम में काम करने वाले मजदूरों के ऊपर सिल्ली पटिया और गार्डर से बनी छत गिर गई। इसके चलते वहां काम कर रहे 8 मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के गुप्ता नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान- सत्येंद्र (36 वर्ष), सुमन पुत्र दिनेश्वर यादव (36 वर्ष), रेनू (40 वर्ष), गिरजा देवी (54 वर्ष), सुषमा (28 वर्ष), सुषमा पत्नी भोला ठाकुर (28 वर्ष), सुरेखा देवी (40 वर्ष) और उमा (40 वर्ष) के रूप में हुई हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार दोपहर को बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके के बकोली गांव में भी एक निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि निर्माणाधीन गोदाम की लगभग 100 फुट लंबी और 15 फुट ऊंची दीवार गिर गई। दीवार के पास नींव की खुदाई कर रहे करीब 20 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने कहा कि सबके प्रयासों से 13 मजदूरों को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया था। उनमें से 9 का इलाज जारी है, जबकि पांच अन्य को मृत घोषित कर दिया गया।