नई दिल्ली: सूत्रों के मुताबिक, पार्टी प्रमुख नितिन नबीन की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक 22 अगस्त को होनी है।एक सूत्र ने बताया, "अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में नई बनी BJP राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक 22 अगस्त की सुबह होगी।" नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान सोमवार को किया गया। इसमें कई नए चेहरे शामिल हैं और यह अनुभव और युवा जोश का मिश्रण है। महिलाओं को भी अच्छी-खासी हिस्सेदारी दी गई है। यह टीम अगले साल होने वाले कई विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी और 2029 के लोकसभा चुनावों में जीत के लिए भी काम करेगी।

बीएल संतोष पार्टी के महासचिव (संगठन) बने रहेंगे। यह एक अहम भूमिका है जो BJP और RSS के बीच कड़ी का काम करती है। अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को महासचिव बनाया गया है।त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब और BJP नेता सुनील बंसल, विनोद तावड़े, गजेंद्र पटेल, सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को महासचिव नियुक्त किया गया है। तावड़े और बंसल पिछली टीम में भी महासचिव थे।

यह घोषणा नितिन नबीन के पार्टी प्रमुख बनने के लगभग छह महीने बाद की गई है।पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया है।इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और मधुचंदा कर शामिल हैं।

13 नए उपाध्यक्षों में से छह महिलाएं हैं। कविता पाटीदार - मध्य प्रदेश, के. सुरेंद्रन - केरल, डॉ. भोला सिंह - उत्तर प्रदेश, प्रदीप वर्मा - झारखंड, जगदीश ईश्वरभाई पटेल - गुजरात, संदीप पाठक - दिल्ली, फांगनोन कोन्याक - नागालैंड, संगीता यादव - उत्तर प्रदेश, अनिल एंटनी - केरल, एम. वेंकटेशन - तमिलनाडु, मनोज टिग्गा - पश्चिम बंगाल, सिद्धार्थ शंभू - बिहार, स्वदेश सिंह - दिल्ली, श्री मृगांका देव बर्मन - असम, रोहन गुप्ता - गुजरात, जय प्रकाश - दिल्ली को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

पीयूष गोयल को एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी ने राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय का प्रभारी भी बनाया है। गुजरात के सांसद हेमांग जोशी को युवा मोर्चा का प्रभार सौंपा गया है, जबकि महिला मोर्चा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ की रूपकुमारी चौधरी संभालेंगी।

लोकसभा सांसद अनिल बलूनी मीडिया संयोजक बने रहेंगे। सह-संयोजक आशीष उषा अग्रवाल - मध्य प्रदेश, प्रदीप भंडारी - दिल्ली और सिद्धार्थ यादव - दिल्ली हैं।

छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।

नितिन नवीन की नई टीम के लिए 2027 में बड़ी परीक्षा होगी, जब उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में चुनाव होंगे। पार्टी के ढांचे में हुए इन बदलावों से केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी फेरबदल की संभावना बन सकती है।

Tags: