टोल मैनेजर हत्याकांड में STF का एक्शन दो आरोपी गिरफ्तार
टोल मैनेजर की हत्या
सोनीपत: हरियाणा के हिसार स्थित बाडो पट्टी टोल प्लाजा के मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को सोनीपत एसटीएफ ने पकड़ लिया है। एनएच-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर एसटीएफ ने आरोपियों की गाड़ी को घेर लिया। पुलिस को देखते ही एक आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे आरोपी को टीम ने मौके पर ही दबोच लिया।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि टोल मैनेजर हत्याकांड में वांछित आरोपी एक गाड़ी में सवार होकर पानीपत की तरफ से दिल्ली की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने एनएच-44 पर निगरानी बढ़ाई और आरोपियों की गाड़ी का पीछा किया। भिगान फ्लाईओवर पर एसटीएफ ने गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
पुलिस टीम को सामने देखकर दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। रास्ता नहीं मिलने पर हिसार के बहबलपुर गांव निवासी मनोज उर्फ फिल्मी ने फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। एसटीएफ ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मनोज के साथ गाड़ी में मौजूद दूसरे आरोपी सचिन को एसटीएफ ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। सचिन सोनीपत के कबीरपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है। एसटीएफ ने आरोपियों की गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
एसटीएफ के अनुसार दोनों आरोपी हिसार के बाडो पट्टी टोल प्लाजा पर मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। वारदात के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही थी। आखिरकार उनके एनएच-44 से गुजरने की सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक मनोज उर्फ फिल्मी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है। वहीं गिरफ्तार किए गए सचिन के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। एसटीएफ अब दोनों की हत्याकांड में कथित भूमिका और वारदात के बाद फरारी के दौरान उन्हें मदद देने वाले लोगों के बारे में पता लगा रही है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के बाद दोनों किन-किन स्थानों पर छिपे और इस दौरान वे किन लोगों के संपर्क में रहे। बरामद अवैध पिस्टल को लेकर भी जांच की जा रही है। फ्लाईओवर से छलांग लगाने वाले मनोज का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।