हैरिटेज पार्क का राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया उदघाटन, कई जगह खिंचवाईं फोटो, जानें क्या है इसकी खासियत

रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा पुरानी दिल्ली में लाल किले के सामने बनाए गए हैरिटेज पार्क का उदघाटन किया।

Update: 2022-03-21 03:14 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा पुरानी दिल्ली में लाल किले के सामने बनाए गए हैरिटेज पार्क का उदघाटन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, हैंडीक्राफ्ट म्यूजियम और चांदनी चौक की चाट के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लाल किले के सामने और जामा मस्जिद के समीप अनूठे चरतीलाल गोयल हैरिटेज पार्क का उद्घाटन किया।

राष्ट्रपति द्वारा उदघाटन करते ही हैरिटेज पार्क रोशनी में नहा गया और विशेष रूप से बनाए गए ओपन ऑडिटोरियम में अदिति मंगलदास का कत्थक प्रस्तुतिकरण शुरू हो गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पहले नामपट का उदघाटन किया और फिर दिल्ली के पहले विधानसभा अध्यक्ष चरती लाल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। राष्ट्रपति कोविंद के साथ चरतीलाल गोयल के पुत्र पूर्व केंद्रीय मंत्री और गांधी स्मृति एवं गांधी दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल थे।
इस अवसर पर उपराज्यपाल अनिल बैजल, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर संजय गोयल, डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार देव, मेयर राजा इकबाल सिंह, आर्किटेक्ट कपिल अग्रवाल, कई राजनीतिक हस्तियां उपस्थित थे। इस हैरिटेज पार्क की 2017 में कल्पना करने वाले विजय गोयल ने बताया कि यह हैरिटेज पार्क देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण का केंद्र बनेगा और चांदनी चौक में आने वाले पर्यटकों को यहां के व्यंजन, कलाकृतियां और सांस्कृतिक कार्यकम एक साथ देखने को मिलेगा।
गोयल ने कहा कि इस पार्क को बनाने वाले आर्किटेक्ट कपिल अग्रवाल उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर संजय गोयल की टीम ने इसको पूर्ण करने के लिए बहुत मेहनत की है। राष्ट्रपति ने पूरे पार्क को घूमकर देखा, कई जगह फोटो खिंचवाए, सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलक देखी और वे बहुत आनंदित हुए। राष्ट्रपति और चरती लाल ने किसी समय में एक साथ भारतीय जनता पार्टी में काम किया था। गोयल ने कहा कि इसके रख-रखाव के लिए टिकट बहुत जरूरी है और प्राइवेट संस्थाओं को भी सामने आना होगा ताकि यहां पर लगातार कार्यक्रम होते रहें। गोयल ने कहा कि शीघ्र ही इसके दूसरे चरण का काम शुरू होगा। जिसके लिए और फंड की जरूरत होगी एवं कई अतिक्रमण हटाने होंगे।
पुरानी दिल्ली की झलक मिलेगी पार्क में
परेड ग्राउंड के नजदीक बनाए गए इस पार्क में पुरानी दिल्ली की झलक देखने को मिलेगी। पार्क में बेंच और रेलिंग के डिजाइन को पुरानी दिल्ली की हवेलियों की तर्ज पर विकसित किया गया है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार लाल किले और जामा मस्जिद के बीच हैरिटेज पार्क की कल्पना 2017 में राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने की थी। हैरिटेज पार्क में लाल पत्थर, दिल्ली क्वार्टजाइट पत्थर और लोहे की ग्रिल में समृद्ध नक्काशी के साथ सुंदर चारदीवारी शामिल है।
पार्क में लोगों के लिए वॉक-वे, ओपन एयर थिएटर, पैनोरमा जैसी आधुनिक सुविधाएं आम जनता के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। निगम अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक सुविधाओं जैसे शौचालय, पार्किंग, शॉपिंग काउंटर, डिजाइनर लैंप पोस्ट और फोकस लाइट के साथ हैरिटेज पार्क आने वाले दिनों में पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन जाएगा क्योंकि यह आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सुविधाओं के साथ विरासत का एक अनूठा उदहारण प्रस्तुत करता है।
Tags:    

Similar News