राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू एक नवम्बर को इंडिया एक्सपोमार्ट सेंटर में आयोजित हो रहे 'वाटर वीक' का करेंगी शुभारंभ

Update: 2022-10-25 14:02 GMT

दिल्ली एनसीआर न्यूज़: राष्ट्रपति द्रोपदी (President Dropadi Murmu) मुर्मू 1 नवंबर को ग्रेटर नोएडा आ रही हैं। वह राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार ग्रेटर नोएडा आएंगी। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोमार्ट सेंटर में आयोजित हो रहे 'वाटर वीक' का शुभारंभ करेंगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) राष्ट्रपति की अगवानी करने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री 31 अक्टूबर को ही ग्रेटर नोएडा आ जाएंगे। वह गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में रात्रि प्रवास करेंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण, गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट तैयारियों में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में मैराथन बैठक हुई है।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में मंगलवार की दोपहर कई घंटे लंबी बैठक हुई है। जिसमें प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी के अलावा गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और पुलिस के अफसर भी शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रपति के मिनट दर मिनट कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। मिली जानकारी के मुताबिक द्रोपदी मुर्मू भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से इंडिया एक्सपोमार्ट सेंटर में हेलीपैड पर उतरेंगी। हालांकि, उनके सड़क मार्ग से आवागमन को लेकर भी पुलिस तैयारी कर रही है। इसके अलावा इंडिया एक्सपोमार्ट सेंटर के चारों ओर के इलाके को साफ-सुथरा रखने के लिए अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दरअसल, बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय डेलीगेट व वीआईपी नोएडा एक्सप्रेसवे के जरिए एक्सपोमार्ट आएंगे।

दूसरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर 31 अक्टूबर को ही ग्रेटर नोएडा आ जाएंगे। वह गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय अतिथि गृह में रात्रि प्रवास करेंगे। 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान यमुना प्राधिकरण उत्तर भारत के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क की नींव मुख्यमंत्री के हाथों रखवाएगा। आपको बता दें कि इस मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए केंद्र सरकार ने यमुना प्राधिकरण को जिम्मेदारी सौंपी है और 100 करोड़ रुपए का अनुदान भी दिया है। मेडिकल डिवाइस पार्क और फिल्म सिटी प्रोजेक्ट ठीक बराबर में विकसित किए जा रहे हैं। एक तरफ राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर यमुना प्राधिकरण में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Tags:    

Similar News