नई दिल्ली/नांदेड़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने सुखबीर बादल की पत्नी और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ घायल नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारा माता साहिब कौर परिसर में एक व्यक्ति ने कथित रूप से कृपाण से हमला कर दिया था। हमले में उनके दाहिने हाथ में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें नांदेड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर नांदेड़ पहुंचे थे। उन्होंने तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में माथा टेका और सभी की भलाई के लिए अरदास की। इसके बाद वह तख्त श्री हजूर साहिब से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर पहुंचे।
लंगर हॉल जाते समय हुआ हमला
बताया जा रहा है कि गुरुद्वारे में दर्शन करने के बाद सुखबीर बादल लंगर हॉल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नीले रंग के निहंग वस्त्र पहने एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उनके पास पहुंचकर कृपाण से हमला करने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से परिसर में अफरातफरी मच गई।सुखबीर बादल की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावर को रोक लिया। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया। सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी के कारण हमलावर सुखबीर बादल को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा सका। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।आरोपी की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष बताई जा रही है। नांदेड़ पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की पहचान, उसकी पृष्ठभूमि और घटना से पहले उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जानकारी ली है। उन्होंने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से बात कर पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी। मुख्यमंत्री ने पुलिस को मामले की गहन जांच करने और हमले के पीछे के कारणों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।हमले के बाद गुरुद्वारा परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अकेले आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। घटना के समय सुरक्षा में किसी स्तर पर चूक हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी हमले की कोशिश हो चुकी है। कुछ महीने पहले एक गुरुद्वारे के बाहर उन पर गोली चलाने का प्रयास किया गया था। उस समय भी सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से उनकी जान बच गई थी। लगातार दूसरी घटना के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की संभावना है।इस हमले की विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक नेताओं ने निंदा की है। नेताओं ने धार्मिक स्थल पर हुई हिंसक घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल सुखबीर बादल अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में हैं।