New Delhi: पुलिस ने बरामद किया दस दिन से लापता बच्चे का शव
"स्थानीय इलाके में तीन वर्षीय बच्चे का शव मिला"
नई दिल्ली: कालिंदी कुंज इलाके में शुक्रवार को दस दिन से लापता बच्चे का शव बरामद किया गया। कालिंदीकुंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद बच्चे को ढूंढा जा सकता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजू अपने परिवार के साथ पिछले छह माह से जैतपुर खड्डा कॉलोनी में रहते हैं। राजू ऑटो चलाते हैं। परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद का रहने वाला है। राजू के परिवार में माता, पिता, भाई, बहन, पत्नी और एक बेटी शामिल है, जबकि बेटे अरमान की मौत हो गई है। राजू के भाई इमरान ने बताया कि वह भी ऑटो चलाता है। वह 13 जनवरी को अपने घर में ही मौजूद था, उस समय उनका भतीजा अरमान अपने घर के बाहर खेल रहा था। करीब तीन बजे तक उसे घर के बाहर ही खेलते हुए देखा गया था, जिसके बाद से वह अचानक गायब हो गया। परिजनों ने जैतपुर खड्डा कॉलोनी और उसके आस-पास उसे ढूंढा नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्चे से जुड़ा होने के चलते तुंरत मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
खेलने गए बच्चों ने देखा शव
शुक्रवार दोपहर इलाके के कुछ बच्चे नहर किनारे खेलने के लिए गए थे। बच्चों ने कूड़े के बीच बच्चे को पड़ा देखकर अरमान के घर जाकर बताया। जहां उसके दादा तुंरत नहर के किनारे पहुंचे और एक डंडे की मदद से शव को किनारे लाकर देखा। शव अरमान का था। तुंरत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कालिंदी कुंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।