New Delhi: अस्पताल में नवजात शिशु लापता, जांच शुरू

"डॉ. अंबेडकर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल"

Update: 2026-02-17 14:43 GMT

नई दिल्ली: रोहिणी इलाके स्थित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल के लेबर रूम से एक नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे थाना नॉर्थ रोहिणी में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि सेक्टर-6 स्थित अस्पताल से एक नवजात बच्चे का अपहरण कर लिया गया है। शिकायतकर्ता नरेला निवासी शाहीन ने बताया कि वह 12 फरवरी को अस्पताल में भर्ती हुई थीं और 14 फरवरी को उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान करीब 30 वर्षीय एक अज्ञात महिला बार-बार उनके पास आती-जाती रही और विश्वास जीत लिया। आरोप है कि 17 फरवरी तड़के करीब 5 बजे उक्त महिला दूध पिलाने के बहाने नवजात को अपने साथ ले गई। इसके बाद शाहीन को नींद आ गई। सुबह करीब 8 बजे जब उनकी आंख खुली तो न तो महिला मौजूद थी और न ही नवजात। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मामले में थाना नॉर्थ रोहिणी में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अस्पताल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में एक संदिग्ध महिला को नवजात को गोद में लेकर जाते हुए देखा गया है। अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित महिला की पहचान कर जल्द से जल्द बच्चे को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News