नई दिल्ली: दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को शाहदरा उत्तर जोन के घोंडा क्षेत्र का दौरा किया। महापौर ने सड़क पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली का संदेश देते हुए अपील की कि वे अपने घर और आस-पास सफाई रखें और निगम की मुहिम में सक्रिय सहयोग करें।

इस दौरान महापौर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत यमुना विहार में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। साथ ही राजा इकबाल सिंह ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन एवं नाली-नालों की सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए और जनता को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ निगम की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है। सब मिलकर दिल्ली को कूड़े से आजादी दिला सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि घर-घर में स्वच्छता का संकल्प लें और निगम की मुहिम में भागीदार बनें।

इस अवसर पर घोंडा विधानसभा से विधायक अजय माहवार, निगम के जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा, उपाध्यक्ष मुकेश बंसल, स्थानीय पार्षद मनीषा पुनिया तथा उपायुक्त अभिषेक कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे।

Tags: