NCR Sahibabad: ऊर्जा निगम में ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
"ठेकेदार पर 4.43 लाख हड़पने का आरोप"
साहिबाबाद: राजेंद्र नगर सेक्टर पांच स्थित पुष्पा अपार्टमेंट निवासी नवीन शर्मा ने अपनी ही सोसायटी में रहने वाले ऊर्जा निगम में ठेकेदार शैलेश सिंह राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि वर्ष 2021 व 2022 में शैलेश ने उनसे जरूरत बताकर 4.43 लाख रुपये लिए थे। पूरी रकम तीन बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई थी। जब उन्होंने तकादा किया तो आरोपी ने 19 जनवरी 2025 को अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने मामले में बुधवार देर रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवीन शर्मा ने पुलिस को बताया कि शैलेश राजपूत पुष्पा अपार्टमेंट में ही रहते हैं और ऊर्जा निगम में ठेकेदारी करते हैं। काफी समय से उनकी पहचान थी। बताया कि शैलेष ने 14 जून 2021 से 11 अगस्त 2022 के बीच सात बार में उनसे तीन अलग-अलग बैंक खातों में 4,43,600 रुपये ट्रांसफर कराए थे। इनमें से 1,78,600 रुपये शैलेष ने अपने खुद के बैंक खाते में और एक लाख रुपये अपने साथी प्रभुनाथ पांडे व 1.15 लाख रुपये दूसरे साथी आदित्य सिंह के बैंक खाते में भुगतान कराए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तब शैलेष ने घर आकर हिसाब-किताब करने की बात कही। आरोप है कि 19 जनवरी 2025 को आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बैंक स्टेटमेंट व अन्य दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।