NCR Ghaziabad: दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
"दहेज का विरोध करने पर विवाहिता पर किया हमला"
गाजियाबाद: खोड़ा की एक महिला ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित अन्य ससुरालियों पर मानसिक उत्पीड़न, मारपीट करने के साथ ही जेठ पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया है।
खोड़ा निवासी युवती को एक युवक ने पहले प्रेमजाल में फंसाया और संबंध बना लिए। युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तब युवक ने मार्च 2023 में रजिस्ट्रार के यहां विवाह पंजीकृत करा लिया। युवती को शादी का सर्टिफिकेट दिखा उसी दिन होटल ले गया जहां युवती का अश्लील वीडियो बना लिया। दो दिन बाद ही युवक घर छोड़कर भाग गया। परेशान युवती ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने युवक के परिजनों से बात कर जून 2023 में दोनों की शादी करा दी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ती ही चली गईं। ससुराल में छह महीने तक सब ठीक रहा, लेकिन जनवरी 2024 में सास की मृत्यु के बाद उसके साथ दहेज के लिए मारपीट होनी शुरू हो गई।
पीड़िता ने पति, जेठ और जेठानी पर दहेज के लिए मारपीट करने, प्रताड़ित करने और जेठ पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में बीएनएस की धारा 85 महिला से क्रूरता, 115(2) जानबूझकर चोट पहुंचाना, 352 अपमानित करना, 351(2) सम्मान को ठेस पहुंचाना, 74 महिला की गरिमा को भंग करने के इरादे से हमला करना और दहेज अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।