नई दिल्ली। दिल्ली सरकार आईएनए दिल्ली हाट को नया लुक देगी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसे कल्चरल हब बनाने के लिए नए डिजाइन को मंजूरी दी। इससे आईएनए दिल्ली हाट नए कलेवर में दिखेगा, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर सकेगा। आईएनए के डिजाइन में मौजूदा स्टालों को बांस से बने छत के माध्यम से नया रूप दिया जाएगा। यह काम अगले 5-6 महीनों में पूरा हो जाएगा। आईएनए स्थित दिल्ली हाट कल्चरल हब है और देश की साझी संस्कृति को प्रदर्शित करता है। यह दिल्ली में पर्यटन का भी मुख्य केंद्र है और दिल्ली आने वाले पर्यटक दिल्ली हाट घुमने जरुर आते हैं। लोगों को दिल्ली हाट में भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को जानने का मौका मिलता है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए सरकार दिल्ली हाट का मॉडिफिकेशन करने जा रही है।
ताकि इसे नया स्वरुप दिया जा सके और बड़ी संख्या में पर्यटक इसकी ओर आकर्षित हो सकें। दिल्ली हाट के मॉडिफिकेशन के बाद इसे नया कलेवर मिलेगा। यहां आने वाले पर्यटकों को दिल्ली हाट का एक बेहतर और बदला स्वरुप मिलेगा। मॉडिफिकेशन के तहत यहां मौजूदा फ्लोरिंग को बदला जाएगा,कर्ब स्टोन व स्लेट स्टोन को बदला जाएगा। लोगों के बैठने के लिए बेंचों को अपग्रेड किया जाएगा। पर्यावरण का ध्यान रखते हुए मॉडिफिकेशन के दौरान ज्यादा से ज्यादा नेचुरल मटेरियल का इस्तेमाल किया जाएगा। पत्थर की बनी जालियों के माध्यम से दीवारों को नया लुक दिया जाएगा। प्रवेश द्वार के साथ-साथ पूरे हाट को सजाने के लिए मॉडर्न आर्ट का इस्तेमाल किया जाएगा। मौजूदा स्टालों को बांस से बने छत के माध्यम से नया रूप दिया जाएगा। दिल्ली हाट के फूड कोर्ट को भी अपग्रेड किया जाएगा और एक शानदार इंडोर डाइनिंग एरिया तैयार किया जाएगा। पूरा दिल्ली हाट आधुनिक एलईडी लाइटो से जगमगाएगा। साथ ही, यहां विभिन्न सेल्फी पॉइंट भी बनाये जाएंगे, ताकि यहां आने वाले पर्यटक इनके माध्यम से यहां की बेहतरीन यादों को साथ संजोकर ले जा सकें।