नेताजी की जयंती पर गृह मंत्रालय आइकॉनिक इवेंट्स सप्ताह मनाएगा, अमित शाह भी होंगे शामिल
नई दिल्ली,(आईएएनएस)| गृह मंत्रालय 17 से 23 जनवरी तक भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती (पराक्रम दिवस) मनाने के लिए आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आइकॉनिक इवेंट्स सप्ताह मनाएगा। इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के विषय पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक अमित शाह 23 जनवरी को पोर्ट ब्लेयर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आयोजित होने वाले भव्य समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भी होंगे। गृह मंत्रालय ने बताया कि आइकॉनिक इवेंट्स सप्ताह में होने वाले कार्यक्रम केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह प्रशासन और मणिपुर, नागालैंड, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की राज्य सरकारों के सहयोग से उन स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे, जो नेताजी के जीवन और कार्य से संबंधित हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि 17 जनवरी को मणिपुर के मन्त्रीपुखरी, कीथलमनबी, कांगवई, मोइरांग और नंबोल में, 18 जनवरी को नागालैंड, कोहिमा के रुझाजो और चेसेजु गाँव में, 19 जनवरी को गुजरात के हरिपुरा, बारडोली और सूरत में कार्यक्रम होंगे। 20 जनवरी को ओडिशा के कटक में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 21 जनवरी को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
वहीं 23 जनवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में एक भव्य मेगा समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां नेताजी ने 31 दिसंबर 1943 को आजादी मिलने से पहले पहली बार भारत की धरती पर तिरंगा फहराया था। इसमें अमित शाह भी हिस्सा लेंगे। गृह मंत्रालय ने कहा कि सभी आयोजनों में बड़े पैमाने पर जन भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम तैयार किए गए हैं, ताकि नागरिक हमारे राष्ट्रीय नायकों से प्रेरणा ले सकें और उन महान आदशरें को आगे बढ़ा सकें, जिनके लिए वे खड़े थे।
--आईएएनएस