दिल्ली एनसीआर के निजी स्कूलों में होगी फायर एनओसी की जांच, फर्जी एनओसी के बाद लिया गया फैसला
दिल्ली एनसीआर क्राइम न्यूज़: दिल्ली से सटे नोएडा एनसीआर समेत प्रदेश के कई स्कूलों में फर्जी एनओसी मिलने के बाद फायर एनओसी जांच के घेरे में आ गई है। मामला पकड़ में आने के बाद बेसिक शिक्षा निदेशक ने निजी स्कूलों में एनओसी व अग्निशमन यंत्रों की जांच कर सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। बेसिक शिक्षा व अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से स्कूलों में जांच करेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि जिले में 250 से अधिक निजी स्कूल है। बताया कि मान्यता के आवेदन के दौरान फायर एनओसी लगती है और इसे फायर विभाग जारी करता है। लेकिन कुछ जिलों में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब शासन के आदेश पर नए सिरे से सभी स्कूलों में फायर एनओसी की जांच की जाएगी। बीएसए स्कूलों की एनओसी की रिपोर्ट लेने के बाद इसे फायर विभाग के पास भेजेगा, वहां से रिपोर्ट सत्यापित होकर आएगी। स्कूलों में अग्निशमन उपकरण भी लगे होते। ताकि हादसे के दौरान इनका प्रयोग किया जा सके। अब शासन ने सभी स्कूलों की एनओसी की जांच कराने के आदेश दिए हैं। सभी ब्लॉक के बीईओ को निर्देश देकर उनसे इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है, स्कूलों में पहुंचकर वह एनओसी की जांच करेंगे और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।