दिल्ली न्यूज़: आप पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था भारतीय जनता पार्टी के गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र की मोदी सरकार के अधीन है। यहां पिछले दिनों में कई गैंगवार की घटनाएं हुई हैं। कोर्ट के अंदर गोलीकांड और हत्या की घटना हुई। अब दिल्ली में आप पार्टी के चुने हुए विधायकों पर माफियाओं के फोन आ रहे हैं, उनसे पैसे की वसूली की मांग की जा रही है। उनको जान से मारने की धमकी भी जा रही है। ऐसा एक-दो बार नहीं बल्कि 24 बार फोन करके जान से मारने और परिवार को खत्म करने की धमकी दी जा रही है। कई-कई बार फोन करके पांच से 10 लाख रुपए मांगे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के तीन बार के विधायक संजीव झा के पास 20 जून को फोन आया और कहा गया कि 10 लाख रुपए कल सुबह 12 बजे तक दे देना। वरना आपकी हत्या कर दी जाएगी और पूरे परिवार को मार दिया जाएगा। संजीव झा तीन बार के विधायक और सबसे ज्यादा मतों से जीते हैं। इसके अलावा 22 जून को अंबेडकर नगर से विधायक अजय दत्त के पास धमकी आती है और इनसे पांच लाख रुपए वसूली की मांग की जाती है। विधायक अजयदत्त को दी गई धमकी में पिस्टल और गोली का वीडियो भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि संजीव झा के पास धमकी आयी तो हमने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से मिलकर इसकी शिकायत की। इस मामले की एफआईआर दर्ज हुई और स्पेशल सेल को मामला गया। उसके बाद भी दूसरे विधायक को 22 जून को धमकी दी जाती है। इससे माफियाओं की हिम्मत का अंदाजा लगा सकते हैं। संजीव झा को दी गई धमकी का ऑडियो सुनाते हुए सिंह ने कहा कि विधायक से प्रोटेक्शन मनी मांगी जा रही है। यह कॉल एक दो बार नहीं आई है बल्कि 24 बार आई है। दोनों विधायकों को 00092717 से फोन, व्हाट्सएप के धमकी भरे मैसेज आए हैं। आगे सिंह ने कहा कि अब इसके ऊपर पुलिस क्या कार्रवाई करेगी, यह तो बाद में पता चलेगा। लेकिन वह सिर्फ एक बात कहना चाहते है कि इस प्रकार की धमकियों से आम आदमी पार्टी के विधायक, नेता डरने वाले नहीं हैं।

Tags: