Mumbai मुंबई: मुंबई पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इसके पीछे हाईकोर्ट के निर्देश, नगर निकाय की अनुमति नहीं होने और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को प्रमुख कारण बताया है। जानकारी के मुताबिक, CJP की ओर से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए संगठन के कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे ने 26 सितंबर को मुंबई पुलिस के पास अनुमति के लिए आवेदन दिया था। मुंबई पुलिस के शिवाजी पार्क थाने की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि मौजूदा न्यायालय के आदेशों और राज्य सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार पुलिस विभाग को शिवाजी पार्क मैदान में सार्वजनिक सभाओं की अनुमति देने का अधिकार नहीं है।
BMC अनुमति नहीं होने का हवाला
पुलिस ने अपने जवाब में यह भी बताया कि प्रदर्शन के लिए आयोजकों ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) से मैदान के उपयोग की जरूरी अनुमति पेश नहीं की है। नियमों के अनुसार किसी भी सार्वजनिक आयोजन के लिए संबंधित विभागों से अनुमति लेना आवश्यक होता है। पुलिस ने कहा कि शिवाजी पार्क क्षेत्र रिहायशी इलाके से घिरा हुआ है और इसे साइलेंस जोन के रूप में भी चिन्हित किया गया है। ऐसे में बड़े स्तर पर होने वाले कार्यक्रम से ध्वनि प्रदूषण और स्थानीय लोगों को परेशानी की आशंका जताई गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था पर असर की आशंका
मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़ी एक अन्य चिंता ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जताई है। अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने यह भी आशंका जताई कि प्रदर्शन के कारण आसपास स्थित प्रमुख अस्पतालों तक जाने वाले आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में बाधा आ सकती है। इसी को देखते हुए अनुमति देने से इनकार किया गया है।
दूसरी जगह आयोजन की सलाह
मुंबई पुलिस ने आयोजकों को शहर में किसी अन्य स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने का विकल्प दिया है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी दूसरी जगह के लिए नया आवेदन दिया जाता है तो संबंधित अधिकारी नियमों और कानून के अनुसार उस पर विचार करेंगे। फिलहाल शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को लेकर पुलिस का फैसला सामने आ गया है। आयोजकों की ओर से आगे की रणनीति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Tags: