दिल्ली: पश्चिम विहार पुलिस ने जमानत पर बाहर आकर किशोर के साथ वारदात करने वाले अपराधी को पकड़ा
दिल्ली क्राइम न्यूज़: जमानत पर जेल से बाहर आते ही नाबालिग साथी के साथ बाइक चोरी कर लूट व झपटमारी की वारदात करने वाले एक शातिर बदमाश को उसके नाबालिग साथी के साथ पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी की पहचान संजय उर्फ राहुल के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक और चाकू जब्त किया है। दोनों के पकड़े जाने के बाद आठ वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपी राहुल 55 वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बाइक व स्कूटी पर बदमाश लूट व झपटमारी की वारदातों को अत्याधिक अंजाम दे रहे थे। जिसको लेकर थानास्तर पर व विशेष टीमों की सहायता से आरोपियों को पकडऩे के लिये सादे कपड़ों में प्राईवेट वाहनों पर या फिर सरप्राईज चैकिंग व गश्त बढाकर आरोपियों की धड़पकड़ की कोशिश की जा रही थी।
पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस भी वारदात होने वाली जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल हरेंद्र जब इलाके में गश्त कर रहे थे। तभी उन्होंने लाल रंग की बाइक पर राहुल और उसके नाबालिग साथी के संदिगध हालत में देखकर रूकने का ईशारा किया था। जिन्होंने भागने की कोशिश की थी। जिनका काफी दूरी तक पीछा करने के बाद दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। जब्त बाइक डाबड़ी इलाके से चोरी की गई थी। पकड़े जाने के वक्त दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।