दिल्ली नगर निगम संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर को परिवहन व लॉजिस्टक हब बनाने की तैयारी में

Update: 2022-10-05 06:05 GMT

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली नगर निगम राजधानी को विश्वस्तरीय शहर बनाने में नई योजनाओं को अमली जामा दे रही है। अब निगम अपने अधीन संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर को उत्तर भारत का एक प्रमुख परिवहन और लॉजिस्टक हब के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। योजनानुसार निगम ने संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में 130 व्यावसायिक प्लॉट और 70 आधिकारिक पार्किंग स्थल (14 क्लस्टरों सहित) के लिए ई-निविदाएं (ई-टेंडर) आमंत्रित की हैं। तीनों निगम के एकीकरण के पश्चात् दिल्ली नगर निगम ने 99 साल के लीजहोल्ड आधार पर संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1, में इन 130 वाणिज्यिक भूखंडों के लिए बोलियां आमंत्रित करते हुए ई नीलामी शुरू की है। बता दें कि इन भूखंडों का आवंटन एनआईसी पोर्टल पर ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से होगा।

बता दें कि यह योजना 4 अक्टूबर से 4 नवम्बर 2022 (शाम 3:00 बजे तक) तक खुली रहेंगी। इस ई नीलामी के अंतर्गत 102.62 वर्ग मीटर से 440 वर्ग मीटर तक के प्लॉट उपलब्ध हैं, जिनका शुरूआती मूल्य 1,38,600 रुपए प्रति वर्ग मीटर निर्धारित किया गया है। दिल्ली नगर निगम ने शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं सृजित करने के अपने प्रयासों में 70 पार्किंग स्थलों के साथ 14 क्लस्टर भी निविदा के लिए रखे हैं। ये पार्किंग स्थल जाम से बचने के लिए उचित यातायात प्रबंधन में मदद करेंगे और पैदल चलने वालों की सुविधा को भी मजबूत करेंगे। इसके अलावा संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में 130 कमर्शियल प्लॉट की योजना से कारोबारियों को काफी सहूलियत होगी क्योंकि वहां से पूरे भारत से रोजाना 2500-3000 ट्रक बिजनेस के मकसद से जाते हैं। प्लॉटों की नीलामी से उद्यमियों को लॉजिस्टिक कारोबार में मदद मिलेगी। भूखंडों का उपयोग गोदामों और गोदामों के निर्माण के लिए किया जा सकता है। निगम को उम्मीद है कि भूखंडों की नीलामी से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर शहर के साथ-साथ उत्तर भारत में एक प्रमुख परिवहन और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरेगा।

Tags:    

Similar News

-->