Delhi: रैपिडो ड्राइवर से लूटी बाइक, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
"रैपिडो ड्राइवर से छीनी बाइक"
दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आधी रात एक रैपिडो चालक के साथ लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित रात 2:30 बजे एक सवारी को छोड़ने जा रहा था तभी ऑर्डिनेंस डिपो के पास स्कूटी सवार दो लोगों ने पता पूछने के बहाने पिस्तौल दिखाकर उसकी बाइक ही लूट ली। रैपिडो चालक ने दिल्ली पुलिस को इस घटना की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के पास से चुराई गई बाइक और घटना में इस्तेमाल हुई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
क्या है पूरा मामला समझिए
रैपिडो ड्राइवर ने अपने ऊपर बीती घटना के बारे में बताते हुए कहा कि वह मोती नगर से सुल्तान पुरी एक सवारी को छोड़ने जा रहा था, तब रात के करीब 2:30 बजे ऑर्डिनेंस डिपो के पास पहुंचने पर, दो व्यक्ति एक स्कूटी पर आए और पता पूछने के बहाने रुकने को कहा। जब शिकायतकर्ता रुका,तो उन्होंने उस पर पिस्तौल तान दी और उसकी मोटरसाइकिल लूटकर मौके से भाग गए। उसके बाद, एक मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
कैसे पकड़ में आए आरोपी?
इंस्पेक्टर संजय दहिया, एसएचओ पंजाबी बाग, और विजय सिंह,एसीपी पंजाबी बाग, के समग्र पर्यवेक्षण में एसआई संदीप दलाल,आईसी पीपी मादीपुर, एसआई कविश, कांस्टेबल नफे, कांस्टेबल मोहित और कांस्टेबल विकास की एक समर्पित टीम बनाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, टीम ने आरोपियों के भागने और वापस आने के मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की, जिससे संदिग्धों के बारे में जरूरी जानकारी मिली।
इसी जानकारी के आधार पर, आरोपी विकास अलियास जैकी और अंकित आका केकड़ को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान, अंकित और केकड़ के कब्जे से दो जिंदा कारतूसों के साथ एक अवैध हथियार (देसी कट्टा) बरामद किया गया। आगे की जांच में, उनकी निशानदेही पर अपराध के दौरान आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई। अवैध हथियार के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
आरोपियों के बारे में
लूट के आरोप में पकड़े गए दोनों आरोपियों में से एक अंकित आका केकड़ पुत्र विजय, निवासी F-209, जेजे कॉलोनी, मादीपुर, दिल्ली, उम्र-29 साल है। यह पहले लूटपाट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के 12 मामलों में शामिल रहा है। दूसरा आरोपी विकास आका जैकी पुत्र रामफल, निवासी B-394, जेजे कॉलोनी, मादीपुर, उम्र-25 साल है। यह पहले चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के 35 मामलों में शामिल रहा है