फिलीपींस पहुंचेगे पीएम मोदी, 23वें आसियान-भारत सम्मेलन में रखेंगे भारत का पक्ष
आसियान-भारत रणनीतिक साझेदारी की होगी समीक्षा, पीएम मोदी शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार से दो दिवसीय फिलीपींस यात्रा पर रहेंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इन बैठकों में भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक सहयोग के साथ क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, भारत-आसियान संबंध भारत की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर देश के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं।
रणनीतिक साझेदारी की प्रगति पर होगी चर्चा
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए निर्धारित आसियान-भारत कार्ययोजना के क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श होगा।
बैठक में मौजूदा सहयोग को आगे बढ़ाने और भविष्य की प्राथमिकताओं पर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। समुद्री क्षेत्र में साझेदारी इस चर्चा का एक अहम विषय रहेगी।
पूर्वी एशिया सम्मेलन में क्षेत्रीय मुद्दों पर मंथन
प्रधानमंत्री मोदी 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इस मंच पर आसियान सदस्य देशों और अन्य भागीदार राष्ट्रों के नेताओं के साथ क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा।
भारत-आसियान संबंधों के लिए अहम पड़ाव
भारत और आसियान के बीच वर्ष 2027 में संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे। इसी वर्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल भी पूरे होंगे। ऐसे में फिलीपींस में होने वाली बैठकें आने वाले वर्षों में दोनों पक्षों के सहयोग की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
प्रधानमंत्री की इस यात्रा से भारत और आसियान देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने के अवसर तलाशे जाएंगे।