दिल्ली: नंद नगरी में कहासुनी के बाद बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हत्या का मामला दर्ज
दिल्ली क्राइम न्यूज़: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में मामूली झगड़े के दौरान बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त रामेश्वर (32) के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि हत्या के प्रयास के एक मामले में रामेश्वर कुछ ही दिनों पूर्व जेल से बाहर आया था। उसकी इलाके के कुछ युवकों से रंजिश चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि उन युवकों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। नंद नगरी थाना पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक रामेश्वर परिवार के साथ बी-ब्लॉक, नंद नगरी में रहता था। इसके परिवार में पिता यशपाल के अलावा पत्नी मनीषा और अन्य सदस्य हैं। इसी साल 27 जनवरी को रामेश्वर की मनीषा से शादी हुई थी। रामेश्वर पेशे से कार चालक था। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि उसकी गौरव, भोपू और मोगली नामक युवकों से तनातनी चल रही थी। रविवार रात को रामेश्वर अपनी गली में खड़ा था। इसी दौरान वहां पर गौरव पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि रामेश्वर ने चाकू निकालकर गौरव के हाथ पर वार कर दिया। वारदात के बद गौरव रामेश्वर का जान से मारने की धमकी देकर चला गया। शोर-शराब सुनकर आए रामेश्वर के परिजन उसे वापस घर ले गए। घटना के कुछ देर बाद रामेश्वर के एक दोस्त ने उसे आवाज देकर बुलाया।
दोनों दोस्त गली में टहल ही रहे थे कि इस बीच गौरव अपने दोनों दोस्त भोपू और मोगली के साथ वहां पहुंचा। आते ही गौरव ने रामेश्वर को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर निकले। इसके जख्मी हालत में रामेश्वर को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अब नंद नगरी पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश कर रही है।