वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर विवादों में हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की न्यायिक समिति के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने 26 अक्टूबर को एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें पूर्व मिस स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस केउल ने ट्रंप पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। केउल का दावा है कि नवंबर 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में ट्रंप ने उनके साथ जबरन यौन संबंध बनाए थे। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और व्हाइट हाउस ने इन्हें खारिज किया है।
1993 की घटना को लेकर लगाए गंभीर आरोप
बीट्रिस केउल के अनुसार, वह नवंबर 1993 में अमेरिका में आयोजित अमेरिकन ड्रीम ब्यूटी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थीं। इस दौरान उनकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से हुई थी। केउल ने आरोप लगाया कि ट्रंप ने उन्हें होटल के कमरे में बुलाया, जहां उनके साथ दुष्कर्म किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस घटना के दौरान उन्हें चोटें आई थीं।
2024 में भी लगाए थे आरोप
बीट्रिस केउल ने वर्ष 2024 में भी ट्रंप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उस समय उन्होंने कहा था कि ट्रंप ने उन्हें जबरन पकड़ा, चूमा और उनके कपड़े उतारने का प्रयास किया था। अब डेमोक्रेटिक समिति के कर्मचारियों से बातचीत में उन्होंने दावा किया है कि उस घटना में उनके साथ दुष्कर्म हुआ था।
चुप रहने के लिए दबाव बनाने का आरोप
केउल का आरोप है कि घटना के बाद ट्रंप ने उन्हें चुप रहने के लिए कहा था। उन्होंने अमेरिका का वीजा और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने में मदद करने का वादा भी किया था।
रिपोर्ट में 11 महिलाओं के मामलों का जिक्र
डेमोक्रेटिक सदस्यों की रिपोर्ट में 11 महिलाओं से जुड़े विवरण शामिल हैं। इनमें पांच महिलाओं ने ट्रंप पर सीधे यौन उत्पीड़न या दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को गलत और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। केउल के आरोपों के संबंध में ट्रंप पर कोई आपराधिक आरोप तय नहीं हुआ है।

जनता से रिश्ता इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। यह जानकारी जनस्रोतों और सोशल मीडिया माध्यमों से प्राप्त हुई है।

Tags: