फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। नि:शुल्क एंव बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत पात्र विद्यार्थियों को स्कूल में दाखिला नहीं देना सेक्टर-51 स्थित मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल को महंगा पड़ गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई करते हुए 30 दिनों में जवाब मांगा है। समय पर जवाब न मिलने पर स्कूल की मान्यता निरस्त कर दी जाएगी।

इसके अलावा जो स्कूल पात्र विद्यार्थियों को दाखिला नहीं दे रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दाखिला नहीं देने वाले सभी स्कूलों की मान्यता निरस्त होगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि आरटीई के तहत दाखिला न देने को लेकर स्कूलों की शिकायत मिल रही थी। इस क्रम में सोमवार को सेक्टर-51 स्थित मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-50 रामाज्ञा स्कूल, ग्रेनो द इनफिनिटी व ग्रेटर वेली और एपीजे इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन व कुछ अभिभावकों को बुलाया गया था। मानव रचना स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षक लीना उपस्थित हुई। इस बीच बैठक में ही उनके व अभिभावक बबली झा के बीच कहासुनी हो गई।
बीएसए के सामने दोनों का व्यवहार बेहद अशोभनीय रहा। इसके चलते स्कूल में प्रवेश की समस्या का समाधान नहीं हो सका। रामाज्ञा स्कूल की ओर से प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित हुए, उन्होंने जून माह में सीटों पर प्रवेश दिलाने की बात कही। द इनफिनिटी से प्रधानाचार्य उपस्थित र्हुइं, उन्होंने कहा कि विद्यालय में आरटीई के तहत प्रवेश लिए जा रहे हैं।
ग्रेटर वेली स्कूल से प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, लेकिन उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। प्रवेश विद्यालय स्तर से लंबित है, जबकि एपीजे स्कूल की ओर से कोई उपस्थित ही नहीं रहा। बीएसए ने आरटीई कोटे के अंतर्गत प्रवेश न करने की दशा में मानव रचना स्कूल को मान्यता निरस्त करने की चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया है। स्कूल प्रबंधन से इस संबंध में 30 दिनों में जवाब मांगा गया है, यदि जवाब नहीं मिलता है तो स्कूल की मान्यता निरस्त कर दी जाएगी। कहा कि जिन विद्यालय की नोटिस समयावधि पूरी हो चुकी है, उनके खिलाफ मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई जारी है।
स्कूल स्तर पर कुछ विद्यार्थियों के दस्तावेजों में कमी मिली थी, वह अपात्र थे। इसके चलते उन्हें दाखिला नहीं दिया गया। इस संबंध में बीएसए को भी अवगत कराया था। नोटिस का जवाब दिया जाएगा। 
Tags: