शराब घोटाले को मुख्यमंत्री केजरीवाल का संरक्षण : रामवीर सिंह विधूड़ी

Update: 2023-02-04 11:11 GMT
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में शराब घोटाले से जुड़ी ई.डी. चार्जशीट में नाम आने पर भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजपा के हजारों पदाधिकारियों एवं कार्यकतार्ओं ने अपनी गिरफ्तारी दी। जहां से पुलिस उन्हें थाना आई. पी. स्टेट ले गई। विरोध प्रदर्शन में वीरेन्द्र सचदेवा एवं रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदर्शन संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल के अलावा प्रदेश के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा शुरू से कहती रही है कि शराब घोटाले को मुख्य मंत्री केजरीवाल का संरक्षण प्राप्त है और आज ई.डी. चार्जशीट ने हमारे आरोप की पुष्टी की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को मोहम्मद गोरी, महमूद गजनी, तैमूर और अंग्रेजों ने लुटा, आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों ने लुटा और आज अरविंद केजरीवाल लूट रहे हैं। विकास ठप हो चुका है और हर ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
बिधूड़ी ने कहा कि मैंने विधानसभा में संकल्प लिया था कि केजरीवाल सरकार की शराब घोटाले में भूमिका को जनता के बीच उजागर करूंगा, वरना इस्तीफा दे दूंगा और आज मुझे खुशी है कि भाजपा के संघर्ष के बाद न सिर्फ केजरीवाल सरकार शराब की घोटालों भरी नई शराब नीति को वापस लेने को मजबूर हुई, बल्कि इस घोटाले में अब अरविंद केजरीवाल सहित एक के बाद एक उनके कई सिपहसलाहारों के नाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार ने स्वयं स्वीकारा कि शराब की नई नीति से राजस्व का नुकसान हुआ जिसके लिए कही न कही केजरीवाल सरकार की कमीशनखोरी जिम्मेदार है।
अंत में कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि दिल्लीवालों को समझ नहीं आ रहा है कि आज दिल्ली सरकार में घोटाला है या घोटाले में दिल्ली सरकार है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता अब चैन से नहीं बैठेंगे और गली-गली में केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे।
--आईएएनएस
Tags:    

Similar News

-->