नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट साकेत कोर्ट में आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता के खिलाफ हत्या के कथित अपराध के लिए दाखिल की गई है।यह मामला इस साल 18 जून को अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले माउंट कैलाश इलाके में एक घरेलू सहायिका की हत्या से जुड़ा है।चार्जशीट संबंधित ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) दीपिका ठाकरन की अदालत में दाखिल की गई है। अदालत बुधवार को चार्जशीट पर विचार करेगी।अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। घरेलू सहायिका की कथित हत्या के बाद मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था।
आरोप है कि 18 जून को माउंट कैलाश इलाके में आरोपी ने अपने घर पर मेड मीना हलदर की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उसकी लाश छत पर खून से लथपथ हालत में मिली थी।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी से पुलिस कस्टडी में पूछताछ की थी। उसे 19 जून को 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया था। डॉ. मनीष गुप्ता की ओर से वकील कमल नयन तिवारी पेश हुए और पुलिस द्वारा मांगी गई कस्टडी का विरोध करते हुए कहा कि मनीष गुप्ता मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए दवा ले रहे हैं।