नई दिल्ली : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल और यूएई अधिकारियों के साथ समन्वय में करोड़ों रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपी उदित खुल्लर को संयुक्त अरब अमीरात से सफलतापूर्वक वापस ला लिया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सीबीआई की अंतर्राष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (आईपीसीयू) ने एनसीबी-अबू धाबी, यूएई के सहयोग से वांछित उदित खुल्लर को 1 अगस्त 2025 को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया। उदित खुल्लर दुबई, यूएई से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्वासित के रूप में लौटा है। सीबीआई द्वारा इंटरपोल के माध्यम से एनसीबी-अबू धाबी के साथ गहन अनुवर्तन के बाद, पहले ही यूएई में उसकी भौगोलिक स्थिति का पता लगा लिया गया था। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ, अडाजण पुलिस स्टेशन में आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों में दर्ज एक मामले में उदित खुल्लर की तलाश है।
आरोपी उदित खुल्लर ने सह-अभियुक्तों के साथ मिलकर संपत्ति के जाली दस्तावेज़ जमा करके बैंक ऋण प्राप्त किया था। जाँच से पता चला है कि उदित खुल्लर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक सुनियोजित आपराधिक षडयंत्र के तहत राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों से लिए गए तीन फर्जी होम लोन के बदले 4.55 करोड़ रुपये का बैंक ऋण प्राप्त किया था। जाँच से पता चला है कि उदित खुल्लर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बैंकों में ऐसी संपत्तियों के जाली दस्तावेज़ जमा किए, जिनका वास्तव में स्वामित्व उसके पास नहीं था।
आरोपी उदित खुल्लर को संयुक्त अरब अमीरात में गिरफ्तार किया गया और इसके बाद सीबीआई ने संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों से उसे भारत वापस भेजने का अनुरोध किया।
भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में सीबीआई, इंटरपोल चैनलों के माध्यम से सहायता के लिए भारतपोल के माध्यम से भारत की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से समन्वय करके 100 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है।