Greater नोएडा में भाकियू का ऐलान, जल्द होगा आंदोलन
कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर आगामी रणनीति भी तैयार की गई।बैठक में भाकियू गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, जिला उपाध्यक्ष अनिल खारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा नितिन भाटी, अभिषेक कसाना, टीनू भाटी, अनूप नागर, सुमित कसाना, प्रियांशु कसाना, यादराम नेताजी, विनोद अधाना, रामपाल नेताजी, अरुण भाटी समेत कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा किसानों के कार्य समय पर न किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। साथ ही दादरी तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को अपने वैध कार्यों के लिए लगातार परेशान किया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। इस दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और दादरी तहसील के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन की विस्तृत रणनीति जल्द घोषित की जाएगी। इसके तहत “डेरा डालो, घेरा डालो” आंदोलन चलाने की योजना है, जिसमें संबंधित कार्यालयों के बाहर अस्थायी रूप से डेरा डालकर धरना दिया जाएगा और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।बैठक की अध्यक्षता कुंवर पाल तेवतिया ने की, जबकि संचालन आजाद सैफी द्वारा किया गया। अंत में किसानों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया गया।