New Delhi नई दिल्ली: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने 2 सितंबर से शुरू होने वाले भाजपा सदस्यता अभियान 2024 के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अल्पसंख्यक मोर्चा का लक्ष्य 50 लाख सदस्य बनाना है। इसी क्रम में मोर्चा ने शनिवार शाम तीस हजारी कोर्ट में अल्पसंख्यक अधिवक्ताओं के साथ सदस्यता अभियान कार्यशाला का आयोजन किया, जिसकी अध्यक्षता एडवोकेट जीशान ने की, जबकि कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने अपना मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक अधिवक्ता मौजूद रहे।
जमाल सिद्दीकी ने कहा कि 2 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता महाअभियान शुरू होगा। जिसके दौरान 2 सितंबर को शाम 5 बजे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। अभियान 2 सितंबर से शुरू होकर 10 नवंबर तक चलेगा पहले चरण के तहत यह अभियान 2 सितंबर से 25 सितंबर तक और दूसरे चरण के तहत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अल्पसंख्यक मोर्चा ने देशभर में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा का सदस्य बनने के लिए टोल फ्री नंबर 8800002024 जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर कोई भी भाजपा का सदस्य बन सकता है। देश का कोई भी व्यक्ति चार आयामों- मिस्ड कॉल, क्यूआर कोड, नमो एप और भाजपा की वेबसाइट के जरिए पार्टी की सदस्यता ले सकता है। जमाल सिद्दीकी ने बताया कि अल्पसंख्यक मोर्चा सूफी समाज में जाकर भी सदस्य बनाएगा, जिसके लिए सूफी संवाद की टीम काम करेगी। इसी तरह "शुक्रिया मोदी जी" अभियान से जुड़ी 22 लाख अल्पसंख्यक बहनें और "मोदी मित्र" भी इस अभियान से जुड़ेंगे। साथ ही देशभर में 24 हजार मंडल, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों को 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य पूरा करने के बाद ही वे दोबारा पदाधिकारी बनेंगे।
Tags: