भाजपा ने बांसुरी स्वराज को बनाया दिल्ली भाजपा का सचिव

Update: 2023-08-02 06:59 GMT

नई दिल्ली। भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को दिल्ली भाजपा का सचिव बनाया है। बांसुरी अभी तक दिल्ली प्रदेश भाजपा में लीगल सेल के सह-संयोजक के रूप में कार्य कर रही थी।

पार्टी ने इसके साथ ही लंबे समय से प्रदेश भाजपा में प्रवक्ता एवं मीडिया विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना को भी प्रदेश भाजपा में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी आलाकमान की मंजूरी लेने के बाद दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों, सभी मोर्चो के अध्यक्षों, प्रवक्ताओं एवं सभी जिला के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी।

भाजपा अब सचदेवा की अध्यक्षता में इसी टीम के साथ अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को संभालेगी। मंगलवार को जारी दिल्ली भाजपा पदाधिकारियों की लिस्ट में पार्टी ने दिनेश प्रताप सिंह, गजेंद्र यादव, विष्णु मित्तल, लता गुप्ता, योगिता सिंह, सुनीता कांगड़ा और विनय रावत को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है।

हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। हरीश खुराना और बांसुरी स्वराज के अलावा सरदार इम्प्रीत सिंह बक्शी, विनोद बछेती, किशन शर्मा, सारिका जैन, सोना कुमारी और नरेश ऐरण को प्रदेश सचिव बनाया गया है।

सतीश गर्ग को दिल्ली भाजपा का कोषाध्यक्ष, अभय वर्मा को मुख्य प्रवक्ता, प्रवीण शंकर कपूर को प्रवक्ता एवं मीडिया विभाग का प्रमुख, विक्रम मित्तल को मीडिया रिलेशन प्रमुख, पुनीत अग्रवाल को आईटी प्रमुख और रोहित उपाध्याय को सोशल मीडिया का प्रमुख बनाया गया है।

इसके साथ ही पार्टी अध्यक्ष ने प्रदेश स्तर पर युवा, महिला, ओबीसी, एससी,एसटी, किसान, पूर्वांचल और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी है।

Tags:    

Similar News

-->