अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन आज, जानें उनके सफर की पूरी कहानी

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी जिंदगी के 54 साल पूरे कर 16 अगस्त को 55वां जन्मदिन मना रहे हैं।

Update: 2022-08-16 03:28 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी जिंदगी के 54 साल पूरे कर 16 अगस्त को 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। सन् 1968 में हरियाणा के हिसार में जन्मे केजरीवाल आईआईटी से निकलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री तक का सफर काफी रोमांचक रहा है।

आईआईटी खड़गपुर से स्नातक करने के बाद केजरीवाल साल 1992 भारतीय राजस्व सेवा से जुड़े और फिर साल 2000 नौकरी से छुट्टी ले ली। 2006 में उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दिया और दिल्ली में 'परिवर्तन' नामक नागरिक आंदोलन में लग गए। साल 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ खेलों के बाद उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे को काफी प्रखरता से उठाया। सूचना अधिकार अधिनियम को लेकर भी केजरीवाल ने लंबी लड़ाई लड़ी।
शीला दीक्षित को पहले चुनाव में ही दी मात
अरविंद ने अन्ना हजारे के साथ मिलकर केन्द्र की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया। बाद में 26 नवंबर 2012 को अरविंद ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के गठन का ऐलान किया। साल 2013 में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधान सभा में अपने प्रत्याशी उतारे। इस चुनाव में केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से उस समय दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़ा और उन्हें 25864 वोटों से मात दी।
पहली बार बनाई 49 दिन की सरकार
2013 के विधानसभा चुनाव में अरविंद की पार्टी को 70 में से 28 सीटें मिलीं और उन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर 49 दिन की सरकार बनाई। 28 दिसम्बर 2013 से 14 फ़रवरी 2014 तक केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे और फिर उन्होंने इस्तीफा दे दिया। साल 2015 में केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटें जीतकर न सिर्फ बहुमत हासिल किया, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी। इसके बाद 2020 के विधानसभा चुनाव में भी केजरीवाल ने सरकार बनाई। इस बार आप को 62 और भारतीय जनता पार्टी को 08 सीटें मिलीं।
आइए जानते हैं अरविंद केजरीवाल से जुड़ी कुछ और खास बातें:
अरविंद के बचपन का नाम 'कृष्ण' था और उनका जन्म जन्माष्टमी के दिन हुआ था।
अरविंद शुद्ध शाकाहारी हैं और नियमित योग का अभ्यास करते हैं।
केजरीवाल डॉक्टर बनना चाहते थे लेकिन पिता की इच्छा के मुताबिक उन्होंने इंजीनियरिंग को चुना।
साल 1995 में अरविंद ने 1993 बैच की आईआरएस अधिकारी सुनीता से शादी की। केजरीवाल के एक बेटा और एक बेटी हैं।
केजरीवाल की स्वराज नामक किताब काफी चर्चा में रही थी।
भारत में सूचना अधिकार अर्थात सूचना कानून (सूका) के आन्दोलन को लेकर साल 2006 में केजरीवाल को रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
भारतीय राजस्व सेवा में चयनित होने से पहले अरविंद केजरीवाल मदर टेरेसा,नेहरू युवा केंद्र और रामकृष्ण मिशन में भी काम कर चुके हैं।
Tags:    

Similar News