एएटीएस की बड़ी कार्रवाई: तीन लुटेरे गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

Update: 2025-10-27 17:43 GMT
Delhi दिल्ली। दक्षिण दिल्ली पुलिस की एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बाल अपराधी (सीसीएल - Child in Conflict with Law) शामिल है। यह कार्रवाई दक्षिण दिल्ली डीसीपी अंकित चौहान के निर्देशन में की गई। डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि दक्षिण दिल्ली एएटीएस टीम ने एक संगठित लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह हाल के दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई लूट और झपटमारी की घटनाओं में शामिल था।
उन्होंने कहा, “यह एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन था जिसे एसीपी ओ.पी. श्रीवेंद्र यादव और एएटीएस इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। हेड कांस्टेबल अरविंद, कानाराम और किशन की मेहनत और टीमवर्क की वजह से यह कार्रवाई सफल रही। पुलिस के अनुसार, एएटीएस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक एक विशेष स्थान पर वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीति बनाकर इलाके में घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन, नकदी और धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे किशोर न्याय अधिनियम के तहत बाल सुधार गृह भेजा जाएगा, जबकि दो अन्य आरोपियों के खिलाफ लूट और अवैध हथियार रखने के मामलों में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। टीम अब उनसे पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई दक्षिण दिल्ली पुलिस की अपराध नियंत्रण रणनीति के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले अपराधों पर अंकुश लगाना है। डीसीपी अंकित चौहान ने एएटीएस टीम की सराहना करते हुए कहा कि, “इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और जनता में पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा।”
Tags:    

Similar News