Delhi दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव के लिए मुकाबला अब आकार लेने लगा है। चारों अहम पदों — प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी — के लिए उम्मीदवार तय हो गए हैं। प्रेसिडेंट पद की दौड़ सबसे ज़्यादा चर्चा में है, जिसमें ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन (लेफ्ट) ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। प्रेसिडेंट पद के लिए सात उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं — अनन्या रतूड़ी (AISA-SFI), अश्मित कुमार, एजाज़ मंसूरी, समर्थ बेनीवाल, समीर कुमार (सभी निर्दलीय), विजय शंकर मीणा (NSUI) और यश डबास (ABVP)।
NSUI ने प्रेसिडेंट पद के लिए विजय शंकर मीणा को मैदान में उतारा है, जो मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है और अभी DU में बुद्धिस्ट स्टडीज़ में MA कर रहे हैं। मीणा छात्रों के अधिकारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। ABVP के प्रेसिडेंट पद के उम्मीदवार यश डबास दिल्ली के कंझावला के रहने वाले हैं और उन्होंने DU के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। इंटरनेशनल लेवल के टेनिस खिलाड़ी डबास ने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में ITF प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। उन्हें CBSE नेशनल्स, SGFI नेशनल्स, खेलो इंडिया और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 के लिए भी चुना गया है, साथ ही उन्होंने नॉर्थ इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व किया है। वे अभी बुद्धिस्ट स्टडीज़ डिपार्टमेंट में पढ़ाई कर रहे हैं।
AISA-SFI गठबंधन ने प्रेसिडेंट पद के लिए अनन्या रतूड़ी को उतारा है। उत्तराखंड की रहने वाली रतूड़ी कैंपस के कई आंदोलनों से जुड़ी रही हैं। AISA ने बताया कि उन्होंने IPCW में यौन उत्पीड़न के खिलाफ एक आंदोलन का नेतृत्व किया था, जिसके परिणामस्वरूप प्रशासन के खिलाफ प्रॉक्टोरियल जांच हुई थी। संगठन ने SBSC में एक दलित छात्र के साथ कथित मारपीट और 2025 में आर्यन मान के साथ टकराव (जिसे उन्होंने "हाइपर-मस्कुलिन और मसल-बेस्ड पॉलिटिक्स" कहा) से जुड़े आंदोलन में उनकी भूमिका पर भी ज़ोर दिया। वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए उम्मीदवार हैं — अरण्य सिंह राठौर, दीपांशु शोकीन, इशू मौर्य (ABVP), वीर छत्रथ (NSUI) और अक्षत शिखर (AISA-SFI)। सेक्रेटरी पद के लिए नम्रता चौधरी (NSUI), पंकज कुमार, रिया छावड़ी (ABVP) और स्टैनज़िन डेस्क्योंग (AISA-SFI) के बीच मुकाबला होगा। जॉइंट सेक्रेटरी पद के लिए बी. पारिजात (AISA-SFI), गोपाल चौधरी (NSUI), लक्ष्य राज सिंह (ABVP) और विशेष यादव उम्मीदवार हैं।
चुनाव नजदीक आने के साथ ही छात्र संगठन कैंपस के अहम मुद्दों पर अपना कैंपेन तैयार करने लगे हैं। NSUI ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में अपना डिटेल्ड मेनिफेस्टो जारी करेगा, जिसमें किफायती रहने की जगह, इंफ्रास्ट्रक्चर, छात्रों की सुरक्षा, एकेडमिक मौके और सामाजिक न्याय पर फोकस होगा। सत्य निकेतन की घटना का जिक्र करते हुए संगठन ने प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों को न्याय दिलाने पर जोर दिया। वहीं, ABVP ने कहा कि उसका कैंपेन कैंपस के इंफ्रास्ट्रक्चर, एकेडमिक सुविधाओं, महिलाओं की सुरक्षा और छात्र संघ की जवाबदेही पर फोकस करेगा।