दिल्ली में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 1,800 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
विकासपुरी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 1,800 लोगों को मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के विकासपुरी स्थित शिव विहार पश्चिम में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में करीब 1,800 लोगों ने पंजीकरण कराकर मुफ्त चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में आंखों, दांतों, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ईसीजी की जांच के साथ विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श दिया। जांच के बाद करीब 500 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं, 600 लोगों की बीपी और शुगर जांच, 300 लोगों का दंत चिकित्सा परामर्श और लगभग 100 लोगों की ईसीजी जांच की गई।
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने समय पर स्वास्थ्य जांच को बीमारियों की शुरुआती पहचान और रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण बताया।