नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवती की उसके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतका और आरोपी एक-दूसरे को कुछ समय से जानते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर युवती पर हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (DCP) अभिषेक गुप्ता ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के जरिए वारदात से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी को समझा जा सके। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के पीछे क्या कारण था और आरोपी ने किस परिस्थिति में इस वारदात को अंजाम दिया।फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Tags: