क्या आप चुन पाएंगे अपनी पसंद की कोरोना वैक्सीन? जानिए क्या कहा सरकार

16 जनवरी से देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलेगा।

Update: 2021-01-13 14:20 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क।  कोरोना वायरस को मात देने के लिए अब भारत भी पूरी तरह तैयार है, और 16 जनवरी से देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार से लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय तक ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। देश के कोने-कोने में कोरोना वैक्सीन भेजी जा रही है, ताकि टीकाकरण अभियान में किसी तरह की देरी न हो। वहीं, अगर आपके मन में ये सवाल चल रहा है कि क्या हमें अपने मनमुताबिक कोरोना वैक्सीन चुनने की आजादी होगी? तो इस पर मंगलवार को सरकार की तरफ से कुछ संकेत दिए गए। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।

दरअसल, हर किसी को अपने मन की चीजें चुनने का पूर्ण अधिकार है। ऐसे में लोगों के मन में ये सवाल भी घूम रहा है कि कि क्या वो अपने मन की वैक्सीन लगवा पाएंगे? इसी को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने अपने मन की वैक्सीन चुनने को लेकर कहा कि, 'दुनिया में कई जगहों पर कोरोना वैक्सीन के एक से ज्यादा टीकों का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन वर्तमान में किसी भी देश में टीका लेने वालों को अपनी पसंद का विकल्प चुनने का मौका नहीं दिया जा रहा है। इसलिए हम लोगों को कोविड-19 के संबंध में उचित व्यवहार का पालन करने का अनुरोध करते हैं।'
सचिव राजेश भूषण ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज देने के अंतराल के बारे में भी जानकारी दी। इस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि, 28 दिनों के अंतराल पर कोरोना के टीके की दूसरी खुराक दी जाएगी और इसका असर 14 दिनों के बाद दिखने लगेगा। उन्होंने ने ये भी बताया कि, मंगलवार दोपहर तक निर्धारित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय भंडारण केंद्र तक कोरोना टीके की 54.72 लाख खुराक पहुंचा दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि, शनिवार से देश में कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा। वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से 14 जनवरी तक 1.1 करोड़ और भारत बायोटेक से 55 लाख खुराक मिल जाएंगी। पहले चरण में लगभग तीन करोड़ लोगों को टीका लगाया जाएगा, जिसमें हमारे स्वास्थ्य कर्मी (डॉक्टर, नर्स आदि) और कोरोना योद्धा (पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल आदि) शामिल हैं। पूरे कोरोना वैक्सीनेशन मिशन को कोविन ऐप के जरिए ही पूरा किया जाएगा।
ऐसे में सरकार की तरफ से ये इशारा दे दिया गया है कि वर्तमान में तो लोगों को अपने पसंद का टीका चुनने की आजादी नहीं होगी। हालांकि, सरकार द्वारा लगाए जा रहे मुफ्त टीके के अलावा जब बाजार में टीके उपलब्ध होंगे, तब जरूर आप अपने मन का टीका खरीद पाएंगे। फिलहाल, अच्छी खबर ये है कि देश को जिस पल का इंतजार बेसब्री से था वो 16 जनवरी से शुरू होने जा रहा है और हर किसी की नजर भारत के इस टीकाकरण अभियान पर है।




Tags:    

Similar News

-->