गरियाबंद: परिवार के लिए उस समय विकट परिस्थिति निर्मित हो जाती है, जब परिवार के मुखिया की आकस्मिक मृत्यु हो जाती है। ऐसे समय पर यदि कोई मदद की हाथ बढ़ाता है, तो वह उनके दुख को थोड़ा कम करने में सहायक होता है। भावनात्मक सहयोग के अलावा आर्थिक मदद भी आवश्यक होता है। मैनपुर विकासखण्ड के ग्राम डेण्डुपदर की निवासी तुला बाई को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा जब उनके पति श्री पीताम्बर साहू का गत वर्ष 11 सितम्बर 2021 को आकस्मिक निधन हो गया। इससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे कठिन समय में जब जानकारी मिली कि उनके पति श्री पीताम्बर साहू श्रम विभाग में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल अन्तर्गत पंजीकृत था। तब मदद की कुछ आस बंधी।
जब श्रम विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया तो विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा शिविर आयोजित कर विभाग द्वारा संचालित मृत्यु योजना के बारे में तुला बाई साहू को शिविर स्थल में जानकारी दिया गया एवं श्रीमती तुला बाई साहू को असंगठित कर्मकार मृत्यु योजना के लाभ हेतु आवेदन भरवाया गया। आवेदन प्राप्ति के पश्चात 01 माह के भीतर योजना की राशि 1 लाख रूपये नामिनी तुला बाई साहू को प्रदाय कर दिया गया। इस राशि से तुला बाई साहू द्वारा पति के मृत्यु कार्यक्रम में खर्च किये एवं उसके ईलाज के लिये जो कर्ज लिया था, उसे चुकाया गया जिससे तुला बाई साहू को आर्थिक परेशानियों से राहत मिली है। इस तरह श्रम विभाग मजदूरों के लिए मददगार साबित हुआ।