दंतेवाड़ा: छ.ग. शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा नगरीय क्षेत्रों में राजीव गांधी आश्रय योजना तथा मुख्यमंत्री आबादी पट्टा योजना के तहत प्रदाय किये गये पट्टों का मालिकाना हक जिला कलेक्टर द्वारा प्रदान किया जा रहा है। दंतेवाड़ा जिले में वर्ष 1997-98 वर्ष 2002-03 तथा वर्ष 2019-20 में कुल 1 हजार 754 राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत पट्टे प्रदाय किये गये हैं तथा वर्ष 2017-18 में नगरीय क्षेत्रों में कुल 408 मुख्यमंत्री आबादी पट्टा प्रदान किया गया है। उक्त पट्टों का भूमि स्वामी हक प्राप्त करने के लिये पट्टाधारियों को बाजार मूल्य की 22 प्रतिशत की राशि जमा करनी होगी तत्पश्चात पट्टाधारी राज्य शासन के पट्टेदार न होकर उनके द्वारा भूमि स्वामी हक में धारित निजी भूमि का भूमि स्वामी समझा जावेगा अर्थात उन्हें उस भूमि पर उसी प्रकार के अधिकार प्राप्त होगे जैसे एक निजी भूखंड पर उसके भूमि स्वामी को प्राप्त होते हैं। शासन की उक्त योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु दंतेवाड़ा जिले के सर्व तहसीलों से कुल 100 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं जिन्हें भूमि स्वामी हक प्रदान किया जा रहा है।