नई दिल्‍ली : भारतीय दोपहिया वाहन बाजार में अपनी लोकप्रिय Pulsar रेंज के लिए पहचानी जाने वाली Bajaj Auto आज यानी 24 अगस्त 2026 को नई जेनरेशन Pulsar 125 और Pulsar 150 लॉन्च करने जा रही है। नई मोटरसाइकिलें केवल कॉस्मेटिक अपडेट तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि इनके प्लेटफॉर्म, इंजन, चेसिस और फीचर्स में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

नई Pulsar 125 और Pulsar 150 की कुछ यूनिट्स लॉन्च से पहले डीलरशिप तक पहुंच चुकी हैं। सामने आई जानकारियों के अनुसार कंपनी ने Pulsar की पहचान को बरकरार रखते हुए डिजाइन को ज्यादा शार्प और आधुनिक बनाने की कोशिश की है। नया हेडलाइट काउल, मस्कुलर फ्यूल टैंक और बदला हुआ रियर सेक्शन बाइक को मौजूदा मॉडल की तुलना में नया लुक देंगे।
नया प्लेटफॉर्म होगा बड़ा बदलाव
नई जेनरेशन Pulsar का सबसे महत्वपूर्ण बदलाव इसका प्लेटफॉर्म होगा। Pulsar 125 और Pulsar 150 को नए फ्रेम पर तैयार किया गया है। नई मोटरसाइकिलों में टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क के साथ पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर क्लासिक Pulsar रेंज के लिए मोनोशॉक एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
इंजन में भी बदलाव की तैयारी
नई Pulsar 125 में नया या व्यापक रूप से अपडेट किया गया 125cc इंजन मिलने की संभावना है। वहीं Pulsar 150 में भी नया इंजन दिए जाने की उम्मीद है। लॉन्च से पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक Pulsar 150 में ऑयल-कूलिंग सिस्टम मिल सकता है, जिससे लगातार लंबी राइडिंग के दौरान इंजन की गर्मी को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हालांकि पावर, टॉर्क और अन्य अंतिम इंजन स्पेसिफिकेशन कंपनी लॉन्च के दौरान ही स्पष्ट करेगी।
TFT डिस्प्ले और कनेक्टिविटी
नई जेनरेशन Pulsar को टेक्नोलॉजी के मामले में भी अपग्रेड किया जा सकता है। दोनों मोटरसाइकिलों के ऊंचे वेरिएंट में लगभग 5 इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं। कुछ बेस वेरिएंट में LCD इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया जा सकता है।
LED लाइटिंग भी नई Pulsar रेंज की प्रमुख खूबियों में शामिल हो सकती है। इन बदलावों का मकसद 125cc और 150cc सेगमेंट में Pulsar को ज्यादा आधुनिक बनाकर नई पीढ़ी के ग्राहकों के लिए आकर्षक बनाए रखना है।
125cc सेगमेंट में कड़ी टक्कर
नई Pulsar 125 का मुकाबला भारतीय बाजार में TVS Raider 125, Hero Xtreme 125R और Honda SP125 जैसी मोटरसाइकिलों से होगा। इस सेगमेंट में माइलेज के साथ स्पोर्टी डिजाइन और आधुनिक फीचर्स की मांग लगातार बढ़ी है। ऐसे में नई Pulsar 125 का डिजाइन, फीचर लिस्ट और कीमत इसकी सफलता में अहम भूमिका निभाएंगे।
वहीं नई Pulsar 150 भी बेहद प्रतिस्पर्धी सेगमेंट में आएगी। कंपनी की कोशिश नए प्लेटफॉर्म और आधुनिक टेक्नोलॉजी के जरिए लंबे समय से बाजार में मौजूद Pulsar 150 की लोकप्रियता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की होगी।
कीमत का आज होगा खुलासा
नई Pulsar 125 और Pulsar 150 की अंतिम कीमतें अभी घोषित नहीं हुई हैं। कंपनी 24 अगस्त को लॉन्च के दौरान कीमतों के साथ इनके वेरिएंट, इंजन आउटपुट और पूरी फीचर लिस्ट की जानकारी दे सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों बाइक्स को अपने-अपने सेगमेंट में प्रतिस्पर्धी कीमत पर उतारे जाने की उम्मीद है।
Pulsar ब्रांड के 25 साल पूरे होने के बीच यह नई जेनरेशन कंपनी के लिए खास मानी जा रही है। लंबे समय बाद क्लासिक Pulsar 125 और 150 को प्लेटफॉर्म से लेकर फीचर्स तक बड़े स्तर पर बदलने की तैयारी है। अब सबसे ज्यादा नजर इसकी कीमत और अंतिम स्पेसिफिकेशन पर रहेगी।

Tags: