देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल शो ऑटो एक्सपो का अगला संस्करण अगले साल (2023) 13-18 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। यह इस साल फरवरी में ग्रेटर नोएडा में होने वाला था, लेकिन बिगड़ती COVID-19 स्थिति के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने इसकी जानकारी दी है।

राजेश मेनन ने कहा कि मोटर शो का आयोजन ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 13 से 18 जनवरी, 2023 के दौरान होगा। 11 जनवरी का दिन विशेष रूप से मीडिया के लिए रखा गया है। 12 जनवरी को इसका उद्घाटन समारोह होगा जिसमें मीडिया, विशेष मेहमानों और डीलरों को आमंत्रित किया जाएगा।
ऑटो एक्सपो का आयोजन जहां ग्रेटर नोएडा में होगा वहीं ऑटो पार्ट्स एग्जीबिशन प्रगति मैदान परिसर में आयोजित की जाएगी। ऑटो एक्सपो-2020 में छह लाख से अधिक दर्शक आए थे। पिछली वाहन प्रदर्शन में करीब 700 नए उत्पादों का अनावरण किया गया था या उन्हें उतारा गया था. प्रदर्शनी में 108 प्रदर्शकों ने अपने 352 उत्पाद प्रदर्शित किए थे।


Tags: