Business: शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में इस सप्ताह गतिविधियां थोड़ी सीमित रहने वाली हैं, क्योंकि केवल दो प्रमुख IPO खुलने जा रहे हैं. इनमें आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड और नैक पैकेजिंग लिमिटेड के इश्यू शामिल हैं. दोनों कंपनियों के IPO को लेकर निवेशकों में दिलचस्पी देखी जा रही है.
आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड का IPO 29 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 1 जुलाई को बंद होगा. कंपनी ने इसका इश्यू साइज 170 करोड़ रुपये तय किया है. इसका प्राइस बैंड 125 रुपये से 136 रुपये प्रति शेयर रखा गया है. कंपनी इस फंड का इस्तेमाल फाल्कन यार्न्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिग्रहण, उसकी वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट कार्यों के लिए करेगी. आस्था स्पिनटेक्स कपास आधारित यार्न और संबंधित उत्पादों के निर्माण और बिक्री का काम करती है और इसकी यूनिट गुजरात के मोरबी जिले के हलवद में स्थित है.
दूसरी ओर, नैक पैकेजिंग लिमिटेड का IPO 1 जुलाई को खुलेगा और 3 जुलाई तक निवेश के लिए उपलब्ध रहेगा. एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 30 जून को खुलेगा. कंपनी का कुल इश्यू साइज लगभग 439.5 करोड़ रुपये है और प्राइस बैंड 161 रुपये से 170 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. इस IPO में 380 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 35 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है. ऊपरी मूल्य पर कंपनी का वैल्यूएशन लगभग 2,080 करोड़ रुपये बैठता है.
नैक पैकेजिंग इस फंड का उपयोग गुजरात के मेहसाणा जिले के कडी के बोरिसाना में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने और अन्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए करेगी. दोनों IPO से बाजार में हलचल बढ़ने की उम्मीद है और निवेशक इन पर नजर बनाए हुए हैं.