जनता से रिश्ता वेबडेस्क।  आयकर विभाग ने एक अप्रैल 2021 से 26 जुलाई 2021 तक 21.03 लाख से ज्यादा करदाताओं को 43,991 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया है। 19,89,912 मामलों में 13,341 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत आयकर रिफंड जारी किया। वहीं 1,12,567 मामलों में 30,651 करोड़ रुपये का कॉर्पोरेट कर रिफंड जारी किया गया है।

संकट के समय में तेज है रिफंड वापसी की प्रक्रिया

कोरोना वायरस महामारी के समय करदाताओं के लिए ये बहुत राहत की बात है। मालूम हो कि आयकर विभाग ने कहा था कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आत्मनिर्भर भारत योजना की घोषणा किए जाने के बाद से रिफंड वापसी की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है।

करदाता अपने आयकर रिफंड की मौजूदा स्थिति जानने के लिए आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल अथवा एनएसडीएल की वेबसाइट पर जा सकते हैं। हालांकि, रिफंड के लिए आपका खाता पैन से जुड़ा होना जरूरी है। आयकर विभाग ने घोषणा की थी कि एक मार्च 2019 से केवल ई-रिफंड ही जारी किया जाएगा। यह केवल उसी बैंक खाते में जमा होगा जो पैन कार्ड से लिंक है और जिसका विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर पूर्व सत्यापन हो चुका है।

सात जून को हो हुई थी नए आयकर पोर्टल की शुरुआत 

मालूम हो कि गत सात जून को काफी जोरशोर से नए आयकर पोर्टल www.incometax.gov.in की शुरुआत की गई थी। शुरुआत से ही पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इसी के चलते वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 22 जून को इंफोसिस के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इंफोसिस ने ही इस नई वेबसाइट को तैयार किया है। इंफोसिस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा था कि, 'हम नए पोर्टल पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। बड़ी संख्या में आईटीआर भी दाखिल किए गए हैं।'

Tags: