सरकार केस लड़ने के लिए मुहैया कराएगी वकील, गरीब और कमजोर जनता को बड़ी राहत मिली
झारखंड राज्य विधिक सेवा (JHALSA) अब राज्य की गरीब, एससी और एसटी और दूसरे जरूरतमंदों को केस लड़ने के लिए वकील मुहैया कराएगी
झारखंड (Jhakhand Latest News) की गरीब और कमजोर जनता को बड़ी राहत मिली है. झारखंड राज्य विधिक सेवा (JHALSA) अब राज्य की गरीब, एससी और एसटी और दूसरे जरूरतमंदों को केस लड़ने के लिए वकील मुहैया कराएगी. बता दें कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA) ने कुछ राज्यों में प्रोजेक्ट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम को लागू किया है और इसी के माध्यम से ऐसे लोगों की मदद की जाएगी जो लोग केस लड़ने के लिए ज्यादा फीस पेय नहीं कर सकते.
अभी इस सेवा को पूरे राज्य में नहीं शुरू किया गया है. ट्रायल के तौर पर इसे अभी झारखंड के चाईबासा में लागू किया गया है. अगर यह यहां सफल रहा तो इसे पूरे राज्य में जल्द ही लागू किया जाएगा. कुछ दिनों पहले राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार की एक टीम ने चाईबासा में दौरा किया था और टीम ने कहा था कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इसे राज्यभर में लागू किया जा सकता है.
दो सालों के लिए वकीलों की होगी नियुक्ति
बता दें कि झारखंड राज्य विधिक सेवा यानी झालसा केस लड़ने के लिए वकीलों की नियुक्ति दो सालों के लिए करेगा. इन वकीलों को अब तक दो सौ मामले दिए गए हैं जो कि बचाव पक्ष की तरफ से हैं. अब तक कुल 22 मामलो के फैसले आ चुके हैं जिसमें में से 18 मामलों में अभियुक्त बरी हो गए हैं.
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार ने अपने दौरे में गरीबों और कमजोर लोगों को दी जा रही फ्री कानूनी मदद की जमकर तारीफ की. नालसा की तरफ से कहा गया कि इस कदम से लंबित पड़े मामले भी तेजी से निपटेंगे और ऐसे लोगों को बड़ी राहत भी मिलेगी जो कि अपने केस के लिए वकीलों की लंबी चौड़ी रकम अदा नहीं कर सकते. नालसा की तरफ से यह भी कहा गया कि वकीलों का चयन झालसा करेगा और उनकी फीस भी झालसा ही अदा करेगा.